नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। जनता दल (यूनाइटेड) प्रदेश कार्यालय, पटना में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की पहचान जंगलराज से होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित कर विकास की नई इबारत लिखी है। राज्य में न्याय के साथ विकास की अवधारणा को साकार करते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया गया है।
वहीं ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता की प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बैठक के दौरान प्रदेश महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी सुमित कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम को आम जनता और सरकार के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों की समस्याओं के समाधान में तेजी आती है।