बिहार ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण, अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय, पटना में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैंक के अध्यक्ष मुकुल सहाय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बैंक के सभी महाप्रबंधक, अधिकारी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद अध्यक्ष मुकुल सहाय ने उपस्थित बैंककर्मियों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में अध्यक्ष ने कहा कि बैंक कर्मियों का दायित्व है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक समृद्धि के अवसर पहुंचाए जाएं, ताकि समाज के चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने बैंककर्मियों को अपने कार्यों के माध्यम से देश सेवा के महत्व को समझने और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
श्री सहाय ने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक को महात्मा गांधी की सादगी और सरलता के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों के आर्थिक उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक अपने स्थापना के मूल उद्देश्य ‘ग्रामीण विकास हमारी प्रतिबद्धता’ के अनुरूप लोगों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए दृढ़ संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक वर्तमान में बिहार के सभी 38 जिलों में 2101 शाखाओं के माध्यम से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। बैंक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके आर्थिक विकास में प्रभावी भूमिका निभाना है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।