नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को पुलिस ने गोली मार दी। दोनों को पैर में गोली लगी है। घटना निरंकारी चौक और कुर्मीडीह के बीच की है।

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने दावा किया है कि दोनों अपराधी लेवी का पैसा वसूलने पहुंचे थे।
घायल अपराधियों की पहचान वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हें अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों अपराधी कुख्यात गोपी खान के कहने पर लेवी का पैसा वसूलने के लिए वहां आए थे।
मुठभेड़ के बाद बरवाअड्डा थाने की पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया। वहीं दूसरी ओर, घटना के बाद निरंकारी चौक से लेकर कुर्मीडीह तक का पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।