नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला मुख्यालय के समीप ओरा पंचायत अंतर्गत राजपुर गांव निवासी कपड़ा व्यवसायी रामजी कुमार का बुधवार की सुबह आकस्मिक निधन हो गया। करीब 35 वर्षीय रामजी कुमार सुबह लगभग सात बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और व्यवसाय जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
रामजी कुमार, पिता राम बचन राम, औरंगाबाद के बंगाली मार्केट में अर्पिता साड़ी सेंटर नाम से कपड़े का व्यवसाय करते थे। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से व्यवसाय के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। वे अपने परिवार के मुख्य सहारा थे और व्यवसाय के माध्यम से पत्नी और दो बच्चों सहित पूरे परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
रामजी कुमार के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके जाने के बाद पत्नी और दो बच्चों के सामने भविष्य को लेकर आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनके परिचित और व्यवसायी वर्ग के लोग भी इस घटना से काफी मर्माहत हैं।
समाजसेवी रणजीत सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रामजी कुमार काफी मेहनती, मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति थे। वे समाज के हर तबके के लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। महज 35 वर्ष की उम्र में उनका इस तरह असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
रामजी कुमार के निधन से राजपुर गांव सहित बंगाली मार्केट के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।