कंटेनर से टकराने के बाद स्कॉर्पियो की चपेट में आए बाइक सवार तीन लोग, एक की मौत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। पंचमहला थाना क्षेत्र के रामपुर डुमरा गांव के पास गुरुवार को एनएच-80 पर पेट्रोल पंप के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन लोग कंटेनर और बाद में स्कॉर्पियो की चपेट में आ गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र के अमरपुर सिमरिया गांव निवासी दो युवक और एक महिला एक ही बाइक पर सवार होकर लखीसराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंचमहला और मरांची थाना क्षेत्र की सीमा के पास रामपुर डुमरा गांव में बाइक अनियंत्रित होकर लखीसराय की ओर जा रहे कंटेनर से टकरा गई।
कंटेनर से टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने भी उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से घायलों को ई-रिक्शा से मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमरेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान शोभा देवी और अरविंद कुमार, दोनों निवासी अमरपुर सिमरिया, के रूप में हुई है।
घटना के बाद कंटेनर चालक कुछ दूर जाकर वाहन रोककर खड़ा हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुटी है।
पंचमहला के अवर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।