नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। पुलिस महकमे में बदलाव के बाद रोहतास जिले के नए पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार से प्रभार ग्रहण किया। इसके पूर्व उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मिस्टर राज के एसपी बनने के बाद जिले की पुलिस व्यवस्था में नई दिशा की उम्मीद है। रोहतास में शहरी, ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों की अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अपराध नियंत्रण नए एसपी के सामने एक प्रमुख चुनौती होगी। निवर्तमान एसपी रौशन कुमार ने उन्हें जिले की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी।
रोहतास पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध, सड़क अपराध, अवैध हथियारों पर कार्रवाई, शराबबंदी कानून का प्रभावी पालन और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण भी पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
आइपीएस मिस्टर राज 2019 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा में 6 दिसंबर 2019 को सेवा में शामिल हुए। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके राज इससे पहले भागलपुर में सिटी एसपी के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें 12 सितंबर 2024 को भोजपुर का एसपी बनाया गया था।