नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बेतिया। बच्चे के जन्म की खुशी में छठियार का कार्यक्रम के अवसर पर लोग आर्केस्ट्रा का आनंद ले रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। तभी तेज रफ्तार एक बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम में जा घुसी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
बिहार राज्य के बेतिया से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग के किनारे आर्केस्ट्रा के लिए जुटी लोगों की भीड़ में एक तेज रफ्तार बस घुस गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। भोज-भात के बाद शुरू हुए आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। लोग आर्केस्ट्रा का आनंद ले रहे थे, जिस पिता ने बेटा के छठी कार्यक्रम में ऑर्केस्टा बुलाया था, उसकी भी हादसे में मौत हो गई। ऐसे में मासूम के सिर से पिता का साया छिन गया। इस हादसे की वजह से परिवार का जश्न मातम में बदल गया।
लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनकटवा गांव में देवेंद्र दुबे के घर बेटे के जन्म के बाद छठियार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा भी लगाया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।
हादसे में पांच लोगों की मरने वालों की पहचान संजय कुमार, छांगुर राम, राकेश कुमार दुबे, देवेंद्र दुबे और बहादुर महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जिस घर में बच्चे के जन्म की खुशी में छठियार कार्यक्रम हो रहा था, घटना के बाद परिवार की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं।हादसे में घायल करीब आधा दर्जन लोगों को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोरखपुर की तरफ से एक यात्री बस बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग होते हुए बेतिया की ओर आ रही थी। सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक भी बेतिया की तरफ से गुजर रहा था। पराउ टोला बनकटवा के पास दोनों वाहन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए। इसी दौरान बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।