नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में संचालित कुशल युवा कार्यक्रम (केवाईपी) केंद्रों के नवीनीकरण, लंबित भुगतान और प्रशिक्षण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना के गर्दनीबाग में केंद्र संचालकों एवं संबंधित लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सरकार और विभाग से केवाईपी केंद्रों के भविष्य को लेकर तत्काल निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान “कौशल विकास हमारा अधिकार”, “रोजगार और सम्मान-कौशल विकास हमारी पहचान” जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से संपूर्ण बिहार में केवाईपी केंद्रों में प्रशिक्षण कार्य प्रभावित है तथा केंद्र संचालकों का भुगतान भी आठ माह से लंबित है। उन्होंने पुराने संचालित केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर नवीनीकरण देने और केवाईपी प्रशिक्षण तत्काल प्रारंभ करने की मांग की।
केंद्र संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।