नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गढ़वा। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों को दो और तीन सितंबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
लगातार और भारी बारिश के कारण जलभराव, नदियों-नालों के उफान पर आने और संभावित प्राकृतिक आपदा की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किसी भी तरह के जोखिम से बचाना है।
अधिकारियों की तैनाती: सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित जलभराव और आपदा से निपटने के लिए राहत एवं बचाव सामग्री, दवाइयां और आपातकालीन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलते ही त्वरित गति से सहायता पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। विशेषकर नदी-नालों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और जर्जर संरचनाओं से दूर रहें तथा मौसम से जुड़े आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।