बेटे और पुलिस एएसआई भी झुलसे, गंभीर हालत में महिला को रांची रिम्स रेफर; जमीन विवाद को लेकर परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
चतरा। शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना में महिला के साथ उसे बचाने का प्रयास कर रहे उसके पुत्र धीरज कुमार और पुलिस के एएसआई प्रवीण कुमार भी झुलस गए।

आग से झुलसी महिला की पहचान रीना देवी, पति स्वर्गीय नरेश प्रसाद कसेरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि महिला करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, घायल पुत्र धीरज कुमार और एएसआई प्रवीण कुमार का भी सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद महिला के परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा है और बिना पूर्व सूचना के अचानक घर खाली कराने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंच गई। परिजनों ने मारवाड़ी मुहल्ला निवासी प्रदीप स्वामी पर फर्जी कागजात के आधार पर जमीन हड़पने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, घटना में झुलसे एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वे सीओ और अन्य अधिकारियों के साथ जमीन पर दखल-दहानी कराने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान वहां रह रहे लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। एएसआई के अनुसार, इसी बीच करण कुमार नामक एक युवक डब्बे में पेट्रोल लेकर पहुंचा और मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा। बचाव के दौरान माचिस जलने से आग फैल गई और महिला उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना की सूचना मिलते ही केशरी चौक इलाके में भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जमीन विवाद और आग लगने की घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।