जल प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी एवं सुरक्षात्मक कार्य तेज
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के विभिन्न प्रखंडों में जलस्तर, जलजमाव, नदियों एवं तटबंधों की स्थिति के साथ-साथ आवागमन एवं आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति के अनुरूप जल निकासी, सड़क मरम्मति, सुरक्षात्मक कार्य एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में गोह प्रखंड के कुछ गांवों में भारी वर्षा एवं जलजमाव के कारण प्रमुख सड़कों तथा कुछ घरों में पानी प्रवेश करने की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया। स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित एवं अनुमंडल पदाधिकारी, दाउदनगर अमित राजन द्वारा संयुक्त रूप से गोह प्रखंड के बाढ़ प्रभावित गांव टिकौरा, कुड़वाँ, खैरा मोहन एवं घेजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लिया गया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल की स्थिति सामान्य है। हालांकि, कुछ गांवों में जलजमाव के कारण सड़क मार्ग से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि जलजमाव के कारण जिन स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां जलस्तर कम होते ही तत्काल सड़क की मरम्मति कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों के आवागमन को सुचारु किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन द्वारा नदियों एवं जलस्तर की स्थिति, जलजमाव वाले क्षेत्रों तथा महत्वपूर्ण सड़कों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि भारी वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति में अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों एवं तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा आवश्यक सहायता की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। जिला प्रशासन स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है तथा आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोह, अंचल अधिकारी गोह संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।