नारदीगंज में जलाशय निर्माण को लेकर हंगामा, मुआवजे को लेकर किसानों ने उठाए सवाल, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नारदीगंज (नवादा)। गंगाजल आपूर्ति योजना (फेज-II) के तहत जलाशय निर्माण के लिए मधुवन गांव पहुंची प्रशासनिक टीम को किसानों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। 151 एकड़ अधिग्रहित भूमि पर उगाई गई धान की फसल पर जेसीबी चलाए जाने से किसान आक्रोशित हो गए। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
किसानों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के बावजूद उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। अपनी फसल नष्ट होते देख किसान और महिलाएं निर्माण कार्य रोकने पहुंच गए। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई।
वहीं, सीओ रईस आलम और थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मुआवजा वितरण जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मनाही के बावजूद किसानों ने अधिग्रहित भूमि पर खेती की थी।
फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखने की बात कही गई है।