नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने रेल परिचालन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे पुनपुन घाट स्थित रेल पुल संख्या-21 पर बाढ़ का पानी डाउन लाइन ट्रैक से होते हुए पुल के गार्डर तक पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर PPN-PRBZ सेक्शन की डाउन लाइन को 4 सितंबर की रात 8:10 बजे से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
पुनपुन स्टेशन प्रबंधक संजय गोयल ने बताया कि ट्रैक पर पानी पहुंचते ही डाउन लाइन पर परिचालन रोक दिया गया। 22350 वंदे भारत एक्सप्रेस, 12346 जनशताब्दी एक्सप्रेस और 63258 डाउन पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को पुनपुन घाट से परसा बाजार के बीच अप लाइन से चलाया गया। उन्होंने बताया कि जलस्तर में 30 से 40 सेंटीमीटर की और वृद्धि होने पर अप लाइन भी बंद करनी पड़ सकती है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार के अनुसार पुनपुन नदी का जलस्तर 53.28 मीटर दर्ज किया गया है, जो 1976 के बाद सबसे अधिक बताया जा रहा है। क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है और आसपास के इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
नदी में उफान के कारण गया-पटना रेलखंड पर छह सितंबर को चलने वाली कई मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें 63242 गया-पटना, 63244 गया-पटना, 63245 पटना-गया, 63247 पटना-गया, 63248 गया-पटना, 63250 गया-पटना, 63251 पटना-गया, 63253, 63256 गया-पटना और 63274 मेमू ट्रेन शामिल हैं।
वहीं, पुनपुन रेल पुल पर जलस्तर बढ़ने के कारण पांच सितंबर को चलने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। 13329 धनबाद-पटना एक्सप्रेस गया के बजाय BNF/PMI-TIA-IPR-FUT होकर पटना पहुंचेगी। 13330 पटना-धनबाद एक्सप्रेस PNBE-FUT-IPR-TIA-BNF/PMI मार्ग से चलेगी।
15138 बनारस-राजगीर एक्सप्रेस DDU-गया के बजाय DDU-बक्सर-आरा-पटना मार्ग से चलेगी, जबकि 15137 राजगीर-बनारस एक्सप्रेस पटना-आरा-बक्सर-DDU होकर चलेगी। पटना-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग भी डायवर्ट किए जाने की जानकारी दी गई है।
रेल प्रशासन द्वारा जलस्तर और रेल पुल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए आगे भी ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया जा सकता है।