बड़की सपहुआ में सामुदायिक किचन शुरू, 100 परिवारों में पॉलीथिन वितरण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी में आई बाढ़ से प्रखंड की पांच पंचायतों के दर्जनों गांव प्रभावित हुए हैं। कई गांवों का एक-दूसरे से संपर्क टूट गया है। स्थिति को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है।
बरावां पंचायत के बड़की सपहुआ गांव में बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक किचन शुरू किया गया है, जहां लोगों को दो वक्त का पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 100 से अधिक जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है। जलमग्न गांवों से लोगों को निकालने के लिए तीन नावों की व्यवस्था की गई है, जबकि एसडीआरएफ की तीन अतिरिक्त नावें भी राहत कार्य में लगाई गई हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार ने बताया कि पुनपुन शहरी क्षेत्र में बाढ़ में फंसे लोगों के लिए शहीद राम गोविंद सिंह विद्यालय में रविवार शाम से सामुदायिक किचन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों तक यथासंभव राहत पहुंचाई जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुनपुन अंचलाधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि पांचों पंचायतों के प्रभावित गांवों में राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। टूटे हुए तटबंधों की मरम्मत करा दी गई है तथा बढ़ते जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।