नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पलामू। चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से 14 सितंबर को लापता हुईं 11 और 12 वर्षीय दो नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने तीन दिन बाद लातेहार के भीमगढ़ा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत पर चैनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर एसपी के निर्देश पर तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तालाब में गोताखोरों की मदद से भी खोजबीन कराई।
इसी दौरान 17 सितंबर को भीमगढ़ा में दोनों बच्चियों के देखे जाने की सूचना मिली। चैनपुर पुलिस परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घर में डांट पड़ने से नाराज होकर वे नानी के घर जाने के लिए ट्रेन से लातेहार पहुंची थीं। पैसे खत्म होने और नानी का घर दूर होने के कारण वे वहां नहीं पहुंच सकीं और भटकती रहीं। बाद में घर लौटने के दौरान पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया।