नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और पहल करते हुए लाइफ लाइन सुपर स्पेशियलिटी एवं एडवांस होम्योपैथिक रिसर्च क्लिनिक का शुभारंभ शनिवार को किया गया।
क्लिनिक का उद्घाटन ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शरण सिंह, नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर, नगर परिषद औरंगाबाद के अध्यक्ष उदय गुप्ता, शिक्षा पुरुष सुरेश गुप्ता, क्लिनिक के संचालक डॉ. मनोज कुमार तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स औरंगाबाद के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चित्रगुप्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। औरंगाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत लगातार बढ़ रही है। दाउदनगर के बाद औरंगाबाद में लाइफ लाइन की दूसरी शाखा की शुरुआत इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शरण सिंह ने कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक सुविधाओं के साथ चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना समाज के लिए उपयोगी है।
नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सेवा की भावना के साथ किया गया कोई भी प्रयास समाज के लिए महत्वपूर्ण होता है। औरंगाबाद में लाइफ लाइन की दूसरी शाखा शुरू होने से शहरवासियों को चिकित्सा संबंधी सुविधाओं का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
नगर परिषद औरंगाबाद के अध्यक्ष उदय गुप्ता ने कहा कि शहर के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ रही है। नई चिकित्सा संस्थाओं और क्लिनिकों की शुरुआत से लोगों को अपने शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि दाउदनगर के मेन रोड, मौलाबाग के बाद क्लिनिक की नई शाखा औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड स्थित वन विभाग के समीप शुरू की गई है। उद्घाटन के अवसर पर नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें चार सौ से अधिक मरीजों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद आनंद प्रकाश एवं कलाकार आफताब राणा ने किया। मौके पर नगर पार्षद मंजरी सिंह, भाजपा नेता जितेंद्र गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, जेपी सेनानी अजय श्रीवास्तव, लायन अजय वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि अमित गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।