नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। महिला आरक्षण जल्द लागू करने की मांग को लेकर धनबाद में जिला महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सीता राणा ने कहा कि वर्ष 2023 में लोकसभा और राज्यसभा से महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन का बहाना बनाकर आरक्षण को टाल रही है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने मांग की कि महिला आरक्षण कानून को बिना देरी के लागू किया जाए, ताकि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं और अब और इंतजार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।