फुटबॉल, साइकिलिंग, कराटे और योग के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फुटबॉल, साइकिलिंग, कराटे एवं योग सहित विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले कराए गए। इसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपने प्रदर्शन का परिचय दिया।
फुटबॉल के अंडर-17 बालक वर्ग में पीएम श्री अनुग्रह उच्च विद्यालय, मदनपुर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं टाउन इंटर स्कूल, औरंगाबाद की टीम उपविजेता रही।
साइकिलिंग के अंडर-17 बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय चिल्हकी, अंबा के रौशन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेला, देव के रिपन कुमार एवं धीरज कुमार रहे, जबकि उच्च विद्यालय नवीनगर के अमन कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग में बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल के फालिक फरीग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रौशन कुमार द्वितीय रहे।
कराटे के अंडर-14 बालक वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 40 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कुमार अवी ने स्वर्ण और समीर सहगल ने रजत पदक प्राप्त किया। 45 किलोग्राम से कम भार वर्ग में विहान कुशवाहा ने स्वर्ण तथा शिवांश केसरी ने रजत पदक हासिल किया। 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में दीमांशु नील, 55 किलोग्राम से कम में अर्पित कुमार तथा 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में अर्पित राज ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
योग के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी स्कूल दानी बिगहा, मदनपुर/औरंगाबाद की अदिति कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बाल भारती पब्लिक स्कूल, नवीनगर की अश्लेषा आनंद द्वितीय तथा बिरला ओपन माइंड्स स्कूल, औरंगाबाद की आरती कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को पदक, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं खेल आयोजकों ने प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पांच दिनों तक चली प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।