नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र स्थित जमुना पैलेस के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 में खड़ी एक कार के भीतर झारखंड के एक रिटायर्ड सीसीएल जनरल मैनेजर का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आलोक कुमार मोतिहारी के रहने वाले और हाल ही में रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर, गोंडा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार करीब तीन दिन पहले ही अपनी बहन से मिलने पटना आए थे। रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने की बात सामने आ रही थी, लेकिन शनिवार की सुबह उनका शव उनकी ही कार की ड्राइविंग सीट पर मिला। हैरानी की बात यह थी कि उनके सिर में गोली लगी थी और कार के बाहर जमीन पर एक पिस्टल भी बरामद हुई। कार के पास हथियार मिलने और शव की स्थिति को देखकर शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का तर्क है कि गोली कनपटी की बजाय कान के पीछे लगी है, जो यह इशारा करती है कि उन्हें पीछे से गोली मारी गई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने गाड़ी और आसपास के इलाके से फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी गहरी साजिश के तहत की गई हत्या का। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में भी जुट गई है ताकि यह पता चल सके कि सुबह कार के पास कौन-कौन आया था।