ईंट-पत्थर से हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल, पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में शनिवार की देर शाम शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि पुलिस की हिरासत में लिए गए पांच शराब तस्करों को छुड़ाने के लिए दर्जनभर लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए।
जानकारी के अनुसार, पिपरा पुलिस को बेहरावां चकिया गांव में शराब के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार की शाम करीब आठ बजे पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब 20 लीटर देसी शराब के साथ पांच संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया।
बताया गया कि पुलिस टीम गिरफ्तार लोगों को लेकर लौट रही थी, तभी उन्हें छुड़ाने के लिए अचानक दर्जनभर लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। इसी दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई और हिरासत में लिए गए पांचों लोगों को जबरन छुड़ा लिया गया।
घटना की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि देर शाम छापेमारी के दौरान पांच लोगों को पकड़ा गया था। उन्हें छुड़ाने के लिए भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं।
घटना को लेकर संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बेहरावां चकिया क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की बात कही है।