1000 लीटर से अधिक महुआ शराब और 500 से ज्यादा ड्रम नष्ट, 15 से 20 संदिग्ध हिरासत में
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पिपरा पुलिस टीम पर शराब तस्करों और ग्रामीणों द्वारा कथित हमले के बाद पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच थानों की पुलिस और करीब 80 जवानों की टीम ने शराब तस्करों के गढ़ माने जाने वाले बेहरावां चकिया मुसहरी में सघन छापेमारी की। नदी किनारे चल रहे अवैध देसी शराब के बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी मात्रा में शराब नष्ट की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 1000 लीटर से अधिक महुआ निर्मित शराब नष्ट की। वहीं जमीन में गाड़कर रखे गए 500 से अधिक ड्रम बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी पुलिस ने ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान कथित कुख्यात शराब तस्कर रवि मांझी के घर की तलाशी में पुलिस को एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस टीम को देखते ही कई अन्य शराब तस्कर नदी में कूदकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से कई वाहनों को भी जब्त किया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि दो दिन पूर्व पिपरा पुलिस टीम गश्ती और शराब के खिलाफ छापेमारी के लिए गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार पांच शराब तस्करों को छुड़ा लिया था। मामले में पिपरा थाना में 51 नामजद और 80 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसी मामले को लेकर पिपरा, लसुहना, केवड़ा और पुनपुन थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को बेहरावां चकिया मुसहरी में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अब तक 15 से 20 संदिग्ध शराब तस्करों को पकड़ा गया है। कई वाहनों को भी जब्त किया गया है।
डीएसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। इलाके में अभी भी पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। कार्रवाई के बाद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।