राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पांच गोल्ड मेडल प्रदान किए, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का किया आह्वान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह रांची स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने पांच गोल्ड मेडल समेत कुल 207 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और उत्तर प्रदेश के फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान के निदेशक जीके गोस्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्षा, सुरक्षा और फॉरेंसिक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका अहम है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देशहित में करते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में बेहतर तरीके से कार्य करने और बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, उत्तर प्रदेश के फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान के निदेशक जीके गोस्वामी ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने फॉरेंसिक विज्ञान और सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सकारात्मक और जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम और कोर्स स्ट्रक्चर की भी सराहना की। समारोह में विद्यार्थियों के लिए यह अवसर उपलब्धियों के सम्मान के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का संदेश लेकर आया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का उपयोग समाज और राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत करने में करने का आह्वान किया।