नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ऑन सोन। डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से लहूलुहान हो गया। हमेशा की तरह हंसते-खेलते स्कूल गए 13 वर्षीय लव कुश कुमार और उनके साथी आयुष कुमार को क्या पता था कि रास्ते में मौत बनकर एक ट्रक उनका इंतजार कर रहा है। स्कूल जा रहे आठवीं कक्षा के दो मासूम छात्रों को एक बेकाबू ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्थानीय प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है।

सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती लव कुश और वाराणसी रेफर किए गए आयुष की सलामती के लिए पूरा गांव दुआएं मांग रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अत्यंत गंभीर है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन और भावुक ग्रामीणों की भीड़ सड़क पर उतर आई। हादसे से उग्र हुई भीड़ ने डेहरी-नासरीगंज पथ को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा।हादसे में घायल छात्र 13 वर्षीय लव कुश कुमार, पिता राम जी सोनी को इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले जाया गया है। वहीं दूसरे घायल छात्र आयुष कुमार, पिता सुजीत चौधरी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश जायज है, क्योंकि व्यस्त सड़कों पर स्कूलों के समीप रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। घटना से नाराज लोगों ने न सिर्फ सड़क जाम कर विरोध जताया, बल्कि मौके पर बड़े अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी आरोपी चालक (विजय सिंह, पिता रामेश्वर यादव, निवासी चंदौली, यूपी) को गिरफ्तार कर थाने ले जाने का प्रयास किया। ग्रामीण इस बात पर अड़ गए कि जब तक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं आते, चालक को जाने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए और टायरों की हवा निकाल दी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।