नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज गोह प्रखंड के देवकुंड में मंत्री, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार-सह-प्रभारी मंत्री, औरंगाबाद रमा निषाद द्वारा केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड, गोह, औरंगाबाद का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पूर्व विधायक गोह रणविजय सिंह, केन्द्रीय विद्यालय संगठन के पदाधिकारीगण, जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावकगण, विद्यार्थी तथा देवकुंड एवं गोह क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा प्रभारी मंत्री एवं राज्यसभा सांसद को शॉल एवं केन्द्रीय विद्यालय का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन देवकुंड, गोह एवं आसपास के क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का अवसर है। किसी भी क्षेत्र में एक नए विद्यालय की शुरुआत केवल एक भवन या संस्था की शुरुआत नहीं होती, बल्कि यह उस क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उनके सपनों और उनकी संभावनाओं के लिए एक नई शुरुआत होती है।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड की स्थापना की यात्रा वर्ष 2018 में प्रारंभ हुई, जब इसे देश में स्थापित किए जाने वाले नए केन्द्रीय विद्यालयों में शामिल किया गया। इसके बाद विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं, भूमि की उपलब्धता तथा स्थायी परिसर की व्यवस्था की दिशा में निरंतर प्रयास किए गए।
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े सार्वजनिक संस्थान की स्थापना में प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज एवं संबंधित संस्थाओं का समन्वित सहयोग महत्वपूर्ण होता है। केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड भी सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आज देवकुंड में केन्द्रीय विद्यालय का शुभारंभ अनेक लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, स्थानीय नागरिकों एवं विद्यालय की स्थापना से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान करना तथा उन्हें देश के भविष्य के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय देवकुंड के प्रारंभ होने से औरंगाबाद के इस क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व एवं क्षमता के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, भूमि सुधार अप समाहर्ता प्रणव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।