सेवा अभियान के रोड शो में होंगे शामिल, मनोज तिवारी ने पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर उठाए सवाल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। सेवा अभियान के तहत आयोजित होने वाले रोड शो में शामिल होने के लिए दिल्ली के सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी तथा बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान दोनों बरगंडा स्थित समाजसेवी विनोद सिन्हा के आवास पहुंचे, जहां मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। मनोज तिवारी ने मां के भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन और एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए पेपर लीक के मामलों और छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की पहल की, जबकि झारखंड के रांची और गिरिडीह में छात्रों के साथ बर्बरता की गई। मनोज तिवारी ने दावा किया कि झारखंड में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत गिरिडीह उपचुनाव से होगी।

वहीं, अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा ने कहा कि वह पहली बार गिरिडीह आई हैं और यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि रोड शो के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास करेंगी। सौंदर्या शर्मा ने अपनी मेडिकल की पढ़ाई और नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले का जिक्र करते हुए छात्र हितों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छात्रों की बदलती सोच को सही दिशा देने और उनके मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
दोनों के आगमन से गिरिडीह में आयोजित होने वाले रोड शो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मनोज तिवारी के बयानों के बाद झारखंड की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।