नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और संक्रमितों के प्रति भेदभाव समाप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से एक बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त डॉ. आकांक्षा आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। प्रशासन ने आम जनता से समय पर जांच कराने और एचआईवी पीड़ितों के प्रति सहयोगात्मक रुख रखने की अपील की है। बीमारी से लड़ें, बीमार से नहीं! रोहतास प्रशासन की यह पहल समाज की उस सोच पर करारा प्रहार है जो एचआईवी संक्रमितों को अलग-थलग करती है।
रैली के माध्यम से आम लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों एवं समय पर जांच कराने के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, लोगों से एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की अपील की जा रही है।
डॉ. आकांक्षा आनंद के नेतृत्व में निकाली गई बाइक रैली ने यह साफ कर दिया है कि जानकारी ही बचाव है और सामाजिक भेदभाव को खत्म करके ही हम एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। आइए, डर को छोड़ें और संवेदनशीलता अपनाएं। बीमारी से लड़ें, बीमार से नहीं! डॉ. आकांक्षा आनंद ने सही कहा कि जागरूकता और सही जानकारी से ही हम अपनों को सुरक्षित रख सकते हैं। वक्त आ गया है कि हम भय मिटाएं और संक्रमित भाई-बहनों को सम्मान दें। इस अवसर पर सिविल सर्जन, डीआरडीए निदेशक, एनसीसी के छात्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।