भूख हड़ताल के छठे दिन ट्रांसपोर्टिंग ठप, प्रबंधन को आज वार्ता का अल्टीमेटम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन उग्र हो गया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के छठे दिन विस्थापित अप्रेंटिस संघ के आंदोलनकारियों ने प्लांट के गेट संख्या 9 और 10 को जाम कर दिया। इससे दोनों गेटों से होने वाली ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह ठप हो गई है। गेट के बाहर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई है। आंदोलनकारी सुबह से ही गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं।

विस्थापित अप्रेंटिस संघ के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि नियोजन के मुद्दे पर प्लांट प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। विस्थापित लंबे समय से रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई है। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू करना और विस्थापित परिवारों को नियोजन का अवसर देना है। उनका कहना है कि प्लांट की स्थापना और विस्तार के लिए जमीन देने वाले विस्थापितों को उनका अधिकार मिलना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि गुरुवार को वार्ता के लिए पहल नहीं की गई, तो शुक्रवार से प्लांट के अन्य गेटों को भी जाम किया जाएगा। उनका कहना है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। गेट संख्या 9 और 10 जाम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। अब सबकी निगाहें प्रबंधन की अगली पहल पर टिकी हैं। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रबंधन वार्ता के लिए आगे नहीं आता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने आगे उत्पन्न होने वाली स्थिति के लिए प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।