दुर्गा पूजा एवं आगामी दशहरा पर्व को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त ब्रीफिंग, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दुर्गा पूजा एवं आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित करें तथा संबंधित पूजा समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करें। पूजा समितियों से विसर्जन की तिथि एवं समय, स्वयंसेवकों की उपलब्धता तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों के संबंध में समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
सभी पूजा पंडालों में प्रवेश एवं निकास द्वार की समुचित व्यवस्था, बुनियादी सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों की जांच करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, प्रत्येक पूजा पंडाल में पूजा समिति के संपर्क नंबर के अतिरिक्त अग्निशमन सेवा, एम्बुलेंस एवं जिला नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखने तथा भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं के प्रसार पर त्वरित संज्ञान लेने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाए। रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, अशोभनीय एवं आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर रोक लगाने तथा पर्व की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सिविल सर्जन को सभी संबंधित अस्पतालों में चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। रावण दहन कार्यक्रम के दिन भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख दर्शन स्थलों एवं पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला ट्रैफिक शाखा द्वारा जारी यातायात योजना का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बड़े जुलूसों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। नगर निकाय के पदाधिकारियों को आवश्यक बैरिकेडिंग, सड़कों की मरम्मत तथा नालों के रखरखाव एवं साफ-सफाई से संबंधित कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक स्थलों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम एवं आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय उपस्थित रहेंगे तथा बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित नहीं रहेंगे। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आमजन से भी अपील की जाती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पर्व के दौरान शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता विशेष सैदुल हसन खा, अपर समाहर्ता आपदा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं दाउदनगर, एवं सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।