नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आगामी दशहरा पर्व के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं आमजन की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से गांधी मैदान, औरंगाबाद में रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। गांधी मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अदरी नदी स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थल का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान विसर्जन स्थल पर जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोताखोरों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO) एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों एवं आपातकालीन प्रबंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
उक्त निरीक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, एसडीपीओ सदर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद औरंगाबाद, बीडीओ एवं सीओ औरंगाबाद उपस्थित थे।