दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त फ्लैग मार्च
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के द्वारा आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा फ्लैग मार्च रमेश चौक से प्रारंभ होकर मस्जिद, महावीर मंदिर, नवाडीह, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पार्क, बराटपुर, धर्मशाला एवं टिकरी रोड होते हुए बाईपास तक पहुंचा। इसके पश्चात फ्लैग मार्च पुनः रमेश चौक पर संपन्न हुआ।
इस दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजनों से आगामी दुर्गा पूजा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई त्वरित रूप से सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।
उक्त फ्लैग मार्च में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।