छह स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग, एसडीएम कृष्णा जोशी और एसडीपीओ राम कृष्णा ने तैयारियों का लिया जायजा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। विजयादशमी के अवसर पर मोकामा नगर परिषद क्षेत्र स्थित श्रीकृष्ण मारवाड़ी हाई स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में इस बार 55 फीट ऊंचे रावण के साथ 50 फीट ऊंचे मेघनाथ और 50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
शनिवार को बाढ़ के एसडीएम कृष्णा जोशी और एसडीपीओ राम कृष्णा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने रावण वध समिति के सदस्यों से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नगर परिषद क्षेत्र में छह स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान संबंधित क्षेत्र में चारपहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इससे भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्कूल की बाउंड्री से सटे खुले नाले के पास भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया। यहां बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि लोगों को किसी संभावित दुर्घटना से बचाया जा सके। प्रशासन का जोर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भीड़ को व्यवस्थित रखने पर है।
इस बार रावण वध कार्यक्रम में 55 फीट ऊंचा रावण तथा 50-50 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। विजयादशमी के इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। समिति की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक, प्रेम प्रकाश, मनोज, राहुल रंजन, मनोज कुमार और सुदर्शन कुमार सहित रावण वध समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।