नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। पटना सिटी में महाअष्टमी के पावन पर्व पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर, बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी और मारुफगंज स्थित बड़ी देवी जी में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि और तरक्की की कामना की।

शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति का ऐसा दौर दिखा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मां के दरबार पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर और चुनरी चढ़ाकर मां शीतला व पटनदेवी की आराधना की गई। प्रार्थना सिर्फ एक थी— ‘मेरा बिहार खुशहाल रहे।’

नवरात्र की अष्टमी के दिन पटना सिटी के शक्तिपीठों में एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलचल देखने को मिली। पूर्व सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम विजय चौधरी का मंदिरों का यह दौरा जहां धार्मिक आस्था का परिचायक था, वहीं चुनावी और सामाजिक समीकरणों के बीच जनता से जुड़ने का एक बड़ा संदेश भी दे गया।

बिहार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और तरक्की की कामना के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को महाअष्टमी के अवसर पर पटना सिटी के विभिन्न देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे. दोनों ने अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर, बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी और मारुफगंज स्थित श्री बड़ी देवी जी के दर्शन किए। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी रविवार को सबसे पहले अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर पहुंचे। यहां पुजारियों सुनील, जय प्रकाश, पंकज, छोटू और अमरनाथ बबलू ने पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान उन्होंने माता के दर्शन कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

शीतला माता मंदिर में दर्शन के बाद दोनों नेता शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी पहुंचे। यहां महंत विजय शंकर गिरि और भोलू गिरि ने संकल्प कराया। इसके बाद नारियल फोड़कर भगवती की आरती उतारी गई। मंदिर की ओर से नीतीश कुमार को माता की चुनरी भेंट की गई। बड़ी पटनदेवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार ने वहां चल रहे जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने महंत से कार्य की स्थिति और इससे जुड़ी जानकारी भी ली।

इसके बाद दोनों नेता सिद्ध शक्तिपीठ छोटी पटनदेवी पहुंचे। छोटी पटनदेवी मंदिर में पुजारी आचार्य अनंत अभिषेक द्विवेदी और विवेक द्विवेदी ने पूजा-अर्चना का अनुष्ठान कराया। दोनों नेताओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मारुफगंज स्थित श्री बड़ी देवी जी मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। नीतीश कुमार ने कहा कि वह महाअष्टमी के दिन माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। माता को नमन कर राज्य, देश और दुनिया की सुख-शांति तथा खुशहाली की कामना करते हैं। इस दौरान बिहार की समृद्धि और तरक्की के लिए भी प्रार्थना की गई।