45 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी होगा दहन, सुरक्षा के लिए छह जगहों पर बनेंगे ड्रॉप गेट
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। विजयादशमी पर्व को लेकर मसौढ़ी के गांधी मैदान में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 20 अक्टूबर को शाम चार बजे रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस बार मैदान में 55 फीट ऊंचे रावण और 45 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित काली पूजा समिति की ओर से पिछले 45 वर्षों से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को समिति के सभी सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। पुतलों के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं गांधी मैदान में बैरिकेडिंग का काम भी तेजी से किया जा रहा है। विजयादशमी के अवसर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर गांधी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छह स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। मैदान के चारों ओर वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे। पूरे आयोजन स्थल पर पुलिस की निगरानी रहेगी।