नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से औरंगाबाद जिले के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मेला के दौरान विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पूजा समितियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करना था।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा औरंगाबाद शहर अंतर्गत कर्मा रोड, महाराणा प्रताप चौक एवं जसोइया मोड़ स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त ओबरा प्रखंड अंतर्गत कारा मोड़ सहित अन्य पूजा पंडालों तथा दाउदनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा विधि-व्यवस्था संधारण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं।
साथ ही, पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए। पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना भी की तथा जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।