नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। जहाँ कुछ ही पलों पहले माँ दुर्गा के प्रसाद की सोंधी खुशबू महक रही थी, वहाँ अचानक पसरे मातम ने सब कुछ शांत कर दिया। धनवार के मनगसो गांव में दुर्गापूजा की तैयारी कर रहे परिवार की खुशियां एक झटके में उजड़ गईं। प्रसाद बनाते वक्त गैस सिलिंडर के धमाके ने हँसती-खेलती 5 साल की मासूम शीतल और उसकी चाची कविता देवी की जान ले ली। एक छोटे से सिलिंडर के विस्फोट ने दुर्गापूजा की उमंग को आंसुओं में डुबो दिया। एक तरफ माँ की आराधना की तैयारी थी, तो दूसरी तरफ घर की दोहरी अर्थी ने सबको हिला कर रख दिया। इस अप्रत्याशित हादसे ने पूरे गांव को रोने पर मजबूर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी घर में दुर्गापूजा के लिए प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गयी. सिलिंडर से आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों और आसपास के लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. पूजा की तैयारी में जुटे परिवार के लोगों को समझ नहीं आया कि अचानक लगी आग से कैसे निपटा जाए. इस बीच आसपास मौजूद लोग सिलिंडर की आग बुझने का इंतजार करने लगे.
दुर्गापूजा के दौरान झारखंड के गिरिडीह जिले में हुई एक दर्दनाक घटना ने हर परिवार के लिए बड़ी चेतावनी छोड़ी है। मनगसो गांव में प्रसाद बनाते समय 5 किलो वाले छोटे गैस सिलिंडर में लगी आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि मां-भतीजी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। यह हादसा हमें झकझोरता है कि त्योहारों की भागदौड़ में गैस सिलेंडर और चूल्हे का इस्तेमाल करते समय अत्यधिक सावधानी बरतना कितना जरूरी है।