नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। बिहटा-सरमेरा नेशनल हाईवे 131जी पर पुनपुन थाना क्षेत्र के नेहालचक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक पर सफेद ईंटें लदी हुई थीं। हादसे में चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि पलटने के बाद ट्रक पुल की रेलिंग से जा टकराया, जिससे वह पुल से नीचे गिरने से बच गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।जानकारी के अनुसार ट्रक सड़क पर पलटते ही उस पर लदी हजारों ईंटें हाईवे पर बिखर गईं, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
घटना के संबंध में ट्रक के खलासी ने बताया कि बख्तियारपुर के करौटा से व्हाइट ईंट लोड कर ट्रक बिहटा जा रहा था, जहां एक सरकारी इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। गुणवत्ता सही नहीं होने के कारण ठेकेदार ने ईंट लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ट्रक वापस लौट रहा था।इसी दौरान नेहालचक के पास पुल पर पहुंचते ही ट्रक का अगला चक्का अचानक ब्लास्ट कर गया। इससे स्टीयरिंग से चालक का नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क पर पलट गया।
सूचना मिलते ही पुनपुन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को तुरंत बेलदारीचक के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में क्रेन और दूसरे ट्रक की मदद से सड़क पर बिखरी ईंटों को हटाया गया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को किनारे किया गया, तब जाकर हाईवे पर परिचालन सामान्य हो सका।