नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। असत्य पर सत्य की विजय के पर्व विजयादशमी पर गया की धरा सजने लगी है। गांधी मैदान में तैयारियां अपने शबाब पर हैं, जहाँ खुद जिलाधिकारी ने देर रात जागकर व्यवस्थाओं की देखरेख की। रोशनी के पुंज, कतारबद्ध बैरिकेड्स और सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच, 20 अक्टूबर को जब अधर्म के प्रतीक रावण का पुतला जलेगा, तो प्रशासन की हर एक नजर जनता की सुरक्षा पर टिकी होगी।
गया के गांधी मैदान में विजयादशमी के रावण दहन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने अधिकारियों को सुरक्षा, बैरिकेडिंग और रोशनी के सभी काम समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है। 20 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारी की है। जिला अधिकारी शशांक शुभंकर खुद रात में गांधी मैदान पहुंचे और वहां चल रहे कामों को देखा। पुस्तैनी और नए रावण दहन स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे। आवक-जावक मार्गों को समतल कर सीसीटीवी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की सुरक्षा और सुगम भीड़ प्रबंधन है।
निरीक्षण के दौरान मैदान के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों का सुचारू रूप से खुलना सुनिश्चित करने, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा बिजली के तारों की सुरक्षित केबलिंग सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को निम्नलिखित स्थानों पर रावण वध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिले में रावण वध के निर्धारित स्थल
1. सिविल लाइंस थाना- गांधी मैदान, 2. मुफस्सिल थाना – गेरे रसलपुर,3 . बेलागंज थाना – बेलागंज पड़ाव मैदान, 4. मेन थाना- मेन बाजार एवं कोटेश्वर धाम, 5. पाई बिगहा थाना – पाई बिगहा बाजार, 6 . बोधगया थाना – भोजवर एवं मोचारिम हाई स्कूल, 7 . इमामगंज थाना – रानीगंज, विश्वम्भरपुर, झनकपुर घाट, पकरिया गुरिया एवं नगमा, 8 . मैगरा थाना – नारायणपुर एवं मैगरा, 9 . लुटुआ थाना- दीघासीन, 10. रोशनगंज थाना – राजकीय मध्य विद्यालय, जहुआरकला, 11. बाँकेबाजार थाना- बाँकेबाजार देवी स्थान के समीप, 12. डुमरी थाना- काठवर, डुमरी, 13 . बाराचट्टी थाना- सुलेबट्टा एवं भलुआ चट्टी, 14. फतेहपुर थाना- दमरीशाह (डुमरी चट्टी), 15 . टनकुप्पा थाना- टनकुप्पा बाजार (पुरानी हाई स्कूल मैदान), 16. वजीरगंज थाना- सकरदह (नवादा खेल मैदान), कठरिया एवं केदारनाथ स्टेडियम, तरवां, 17 . महकार थाना – महकार, कुरवा, 18. शेरघाटी थाना- रंगालाल उच्च विद्यालय, 19 . टिकारी थाना – शिवनगर एवं मलिया, 20. कोंच थाना- रैना एवं उसास देवरा, 21 . आंती थाना – आंती कांवरगढ़ मैदान, 22. गुरारू थाना- गुरारू सर्वोदय हाई स्कूल, 23. परैया थाना- पंडित बिगहा (कठा)
रावण वध कार्यक्रमों में संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निम्नलिखित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी। प्रवेश एवं निकास द्वारों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाएगा तथा भीड़ का दबाव बढ़ने की आशंका वाले स्थानों पर लोगों के आवागमन को वैकल्पिक दिशा में संचालित करने की व्यवस्था रहेगी।प्रमुख प्रवेश द्वारों, वॉच टावर एवं आसपास के महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी तथा वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम स्थल के निकट मिनी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जहाँ से भीड़ की निगरानी एवं आवश्यक घोषणाएँ की जा सकेंगी।
कार्यक्रम स्थलों तक आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त यातायात के पदाधिकारी रहेंगे जिनके माध्यम से वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सक दल, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
किसी भी अप्रिय घटना अन्य आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कार्यक्रम स्थलों के समीप रेलवे लाइन एवं समपार फाटक वाले स्थानों पर भी आवश्यक निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बिजली के खुले एवं अव्यवस्थित तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएँ। सभी स्थानों पर रावण वध कार्यक्रम सायं 6:00 बजे से पूर्व संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। सभी आयोजन समितियों को कहा गया है कि स्वयंसेवकों को पहचान पत्र के साथ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि विजयादशमी का पर्व शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएँ। रावण वध कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का पालन करें। जिला प्रशासन, गया द्वारा विजयादशमी के अवसर पर जिले के सभी निर्धारित स्थलों पर रावण वध कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं।