नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल श्री किरण कुमार गोरख जाधव के संयुक्त नेतृत्व में अरवल शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजनों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना, असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना तथा दुर्गा पूजा के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना था।
फ्लैग मार्च के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, अरवल श्री संजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कुमार संजय, सदर थाना अध्यक्ष श्री दरबारी चौधरी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहे। फ्लैग मार्च के क्रम में अरवल शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, पूजा पंडालों के आसपास तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा विभिन्न मार्गों पर भ्रमण कर आमजनों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी श्रद्धालु भयमुक्त वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समन्वित रूप से आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक श्री किरण कुमार गोरख जाधव ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर पूरी मुस्तैदी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। आमजनों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य उपलब्ध निगरानी व्यवस्थाओं के माध्यम से भी सतत निगरानी की जा रही है।