नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढी। पिपरा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर दुर्गा पूजा पंडाल के पास बिहटा-सरमेरा एनएच-131जी पर शनिवार रात दो बाइकों की आपसी टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद पुलिस पर हमले तक पहुंच गया। विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और वर्दी फाड़ने की घटना हुई। इस घटना के बाद प्रभारी इंचार्ज निशा नीतीश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया की दो बाइक की आपसी टक्कर हो गई थी जिसमें हमारी पूरी टीम जो पहुंची थी तो हम ही लोग पर उलझ कर वर्दी फाड़ दिए, हाथ में दांत काट लिया और हमारा गला दबाने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंगद कुमार, अंचल कुमार, चंचल कुमार, तीनों पिता – अवधेश यादव, ग्राम – खपुरा, जिला – पटना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कल्याणपुर दुर्गा पूजा पंडाल के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो रही थी। सूचना मिलने पर पिपरा थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान उक्त तीनों युवकों ने पुलिस पदाधिकारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी और प्रभारी थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के हाथ पर दांत काट कर जख्मी कर दिया। इस हमले में प्रभारी थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के अलावा एसआई जावेद खान और चालक पप्पू कुमार भी घायल हुए हैं।
पिपरा थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उनके विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और पुलिस पर हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दो बाइक में टक्कर हो गई थी उसी के मामले में जब हम लोग सुलझाने गए तो उल्टा हमीं पर हमला कर दिया, हमारी वर्दी फाड़ दी, हाथ में दांत काट लिया और हमारा गला दबाने की कोशिश की, जिसमें तीन लोग जख्मी हो गए हैं हालांकि सभी लोगों गिरफ्तार कर लिया गया है।