नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक विजयादशमी को लेकर मसौढ़ी में जबरदस्त उत्साह है। शहर के गांधी मैदान में आज शाम 4 बजे भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतले मैदान में खड़े कर दिए गए हैं। तैयारी अंतिम चरण में है।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे राम-लक्ष्मण की भव्य झांकी शोभायात्रा से होगी। शोभायात्रा पूरे शहर का भ्रमण करते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी। वहां अशोक वाटिका, सीता हरण और राम-रावण युद्ध की झलकियों की प्रस्तुति होगी, जिसके बाद राम-लक्ष्मण बने कलाकारों द्वारा रावण दहन किया जाएगा।
भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह वॉच टावर और 5 ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। पुलिस मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक, छोटे वाहनों पर भी नियंत्रण। सड़कों से अतिक्रमण, ठेला, रिक्शा, टेम्पो हटाने के लिए सुबह से अभियान। अनाउंसमेंट के जरिए लोगों से अपील। पुलिस के मुताबिक 20 से 25 हजार लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जो भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ी चुनौती है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है।