जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विजयादशमी के अवसर पर गांधी मैदान, औरंगाबाद में रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ।
उक्त अवसर पर सांसद, औरंगाबाद अभय कुमार सिन्हा, विधायक, औरंगाबाद त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा तथा भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। गांधी मैदान में अग्निशमन दल की तैनाती, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सुविधा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पृथक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था। संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती के माध्यम से संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी गई।
जिला प्रशासन द्वारा किए गए समुचित प्रबंधों एवं संबंधित पदाधिकारियों के आपसी समन्वय से गांधी मैदान सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद सभी जिलेवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता है तथा भविष्य में भी सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।