बेताब अहमद
दिनारा, रोहतास। दुर्गा पूजा की धूम और विसर्जन के उल्लास के बीच रोहतास के प्रसिद्ध भलूनी धाम तालाब में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सासाराम में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा करीब 20 वर्षीय सूरज कुमार, जो इन दिनों बरडीहा गांव स्थित अपनी मौसी के घर आया हुआ था, मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के समय अचानक प्रतिमा के नीचे दबकर गहरे पानी में समा गया। उत्सव की गूंज देखते ही देखते चीख-पुकार और सन्नाटे में बदल गई। परिवार के चहेते सूरज के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है। तलाश जारी है, परिजनों में शोक।
विसर्जन के क्रम में एक युवक प्रतिमा के नीचे दब गया और पानी में डूब गया। हादसे में उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हुआ था। युवक की तलाश के लिए गुरुवार की सुबह गोताखोरों की मदद से अभियान चलाए जाने की तैयारी थी।
घटना की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच हुए इस हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। डूबे युवक की पहचान करीब 20 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह दिनारा थाना क्षेत्र के चितांव गांव निवासी मनीकरण सिंह का पुत्र था। सूरज सासाराम में रहकर पढ़ाई करता था। दुर्गा पूजा के अवसर पर वह भलूनी धाम के समीप स्थित बरडीहा गांव में अपनी मौसी के घर आया हुआ था.इसी दौरान वह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने के लिए तालाब पहुंचा, जहां यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीएम दिलीप कुमार और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। थानाध्यक्ष रंजीत सिन्हा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गुरुवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाया जाएगा। टीम की मदद से तालाब में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।