नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के रमेश चौक पर बुधवार की रात दो नाबालिग गुटों की झड़प का अखाड़ा बन गया। एक गुट का किशोर अपने साथियों के साथ चाकू लेकर रमेश चौक पहुंच गया और दूसरे पक्ष के किशोर को पकड़कर ले जाने लगा। चाकू लहराते देख चौक पर अफरा-तफरी मच गई। उपस्थित लोगों ने शोर मचाया और नगर थाने की पुलिस को सूचना दी। हरकत में आई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए झड़प और मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश चौक पर दो नाबालिग गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में एक नाबालिग अपने कई साथियों के साथ चाकू लेकर रमेश चौक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किशोर खुलेआम चाकू लहरा रहा था, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद अफवाह उड़ गई कि 20 से 25 की संख्या में किशोर चाकू-छुरी लेकर रमेश चौक पर पहुंचे हैं। अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग आक्रोशित होकर रमेश चौक स्थित पुलिस पिकेट पर जुट गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रात के समय पुलिस पिकेट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ दिख रही है। पुलिस जवान भीड़ को समझाने और शांत कराने में जुटे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाइक दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि मामला दो नाबालिग किशोरों के बीच आपसी विवाद का है। सूचना मिलते ही दोनों पक्षों को घेरकर गिरफ्तार किया गया और रात में ही नगर थाना लाया गया है। किशोरों से पूछताछ की जा रही है।