बिलिंग एजेंसी फ्यूजन पर वादाखिलाफी का आरोप, मांगें पूरी नहीं होने पर 18 नवंबर को अर्धनग्न प्रदर्शन की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। चार महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज ऊर्जा मित्रों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। हिल कॉलोनी स्थित विद्युत प्रमंडल कार्यालय के समक्ष झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ ने प्रदर्शन कर बकाया वेतन के भुगतान की मांग उठाई। संघ ने बिलिंग एजेंसी फ्यूजन पर वादाखिलाफी और वेतन भुगतान में लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 18 नवंबर को सर्किल कार्यालय से जीएम कार्यालय तक अर्धनग्न प्रदर्शन कि
या जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बिलिंग एजेंसी फ्यूजन ने पिछले चार महीने से ऊर्जा मित्रों का वेतन भुगतान नहीं किया है। दुर्गा पूजा से पहले वेतन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधीक्षण अभियंता के आदेश की अनदेखी की जा रही है।

बिलिंग व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप
ऊर्जा मित्र संघ ने बिजली बिलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। संघ का आरोप है कि मास्टर आईडी के माध्यम से बिलिंग आईडी का दुरुपयोग कर घर बैठे बिजली बिल बनाए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है और विद्युत कार्यालयों में भीड़ बढ़ रही है। संघ ने बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने और बिलिंग व्यवस्था में सुधार की मांग की है। ऊर्जा मित्रों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो 18 नवंबर को सर्किल कार्यालय से जीएम कार्यालय तक अर्धनग्न प्रदर्शन किया जाएगा। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और बिलिंग एजेंसी ऊर्जा मित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।