दुर्गापूजा की छुट्टी के बाद खुला स्कूल तो कटा मिला ताला, सुरक्षा गार्ड नहीं रहने से ग्रामीणों में आक्रोश
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नारदीगंज (नवादा)। नारदीगंज स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में अज्ञात चोरों ने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) कक्ष का ताला काटकर 24 बोरा चावल, दो गैस सिलेंडर और सरसों तेल की चोरी कर ली। दुर्गापूजा की छुट्टी के बाद गुरुवार को विद्यालय खुलने पर घटना का खुलासा हुआ। स्कूल में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को विद्यालय पहुंचने पर रसोइया अमित कुमार ने मध्याह्न भोजन कक्ष का ताला कटा हुआ देखा। उन्होंने इसकी सूचना प्रभारी प्रधानाध्यापक पल्लवी लिशा को दी। इसके बाद विद्यालय परिसर में जांच की गई तो घटनास्थल पर ताले की कुंडी, एक गमछा और खाली बोरे मिले। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने विद्यालय के पिछवाड़े के रास्ते सामान बाहर निकाला।
बताया जाता है कि विद्यालय में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस वर्ष 7 जनवरी के बाद विद्यालय में चोरी की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही चोरी से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।