डीआरएम मुकेश गुप्ता ने स्टेशन परिसर का किया निरीक्षण, अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल की ओर से गुरुवार को बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ और विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधा संवाद कर स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और रेलवे सेवाओं से संबंधित सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, आवागमन क्षेत्र तथा प्रवेश और निकास द्वार सहित विभिन्न यात्री सुविधा क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। यात्रियों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान में हिस्सा लिया। इसके माध्यम से यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए रेलवे परिसर को साफ रखने में जनभागीदारी की आवश्यकता बताई गई।
यात्रियों को कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, आद्रा मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं के लिए किए गए कार्यों और वर्तमान में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। यात्रियों को डिजिटल रेल सेवाओं का लाभ उठाने तथा रेल वन ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
रेलवे की ओर से बताया गया कि इसी क्रम में आद्रा मंडल के सभी स्टेशनों पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर रेलवे सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
आद्रा मंडल ने स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यात्रियों की भागीदारी से रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।