बाबा मंदिर में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, बोले- आध्यात्मिक विरासत को संवारने में जुटी है मोदी सरकार
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना करते हुए उन्होंने देवघर सहित पूरे झारखंड और देश की उन्नति एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के बाद रघुवर दास ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ मनोकामना लिंग हैं। उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि देश में शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने देश की आध्यात्मिक विरासत को सहेजने और संवारने का उल्लेखनीय कार्य किया है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का विकास तथा बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास इसके प्रमुख उदाहरण हैं।

रघुवर दास ने कहा कि इन प्रयासों से देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भारत ने कई नए मुकाम हासिल किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता अब केवल देश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में उनकी पहचान और लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने ने बाबा बैद्यनाथ से देश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना की। उनके देवघर आगमन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्साह देखा गया।