नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान (पीजी बॉटनी) विभाग के खाते में एक और महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि दर्ज हुई है. विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विवेक कुमार सिंह को जैविक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन ( Organic Solid Waste Management ) विषय पर तीसरी शोध परियोजना मिली है. देश की प्रमुख ऊर्जा कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड (एनटीपीसी) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए वित्तीय सहयोग स्वीकृत किया है.
दो वर्षों की अवधि वाली इस शोध परियोजना का प्राथमिक उद्देश्य घरों और उद्योगों से निकलने वाले जैविक कचरे को फेंकने के बजाय आधुनिक वैज्ञानिक व पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के जरिए उपयोगी जैविक संसाधन में तब्दील करना है. इस परियोजना में डॉ. विवेक कुमार सिंह ‘प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर’ (मुख्य अन्वेषक) तथा विभाग के ही शिक्षक डॉ. रंजन मिश्रा ‘को-प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर’ (सह-मुख्य अन्वेषक) के रूप में कार्य करेंगे.
परियोजना के मुख्य अन्वेषक डॉ. विवेक कुमार सिंह ने बताया कि शोध के तहत घरेलू कचरे, बागवानी, कृषि अवशेषों और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्टों का वैज्ञानिक निस्तारण किया जाएगा. आमतौर पर फल-सब्जियों के छिलके, बचा हुआ खाना, सूखी पत्तियां, टहनियां, घास, कागज और कृषि अवशेष खुले में फेंक दिए जाते हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषण, भूजल प्रदूषण, दुर्गंध और मौसमी बीमारियों का जोखिम बढ़ता है.
जैविक कचरे का प्राथमिक स्तर पर वैज्ञानिक पृथक्करण (सेग्रीगेशन) किया जाएगा. केंचुओं (वर्मी कम्पोस्टिंग) और चयनित सूक्ष्मजीवों की सहायता से प्राकृतिक अपघटन की प्रक्रिया तेज की जाएगी. तैयार जैविक खाद के भौतिक, रासायनिक और जैविक गुणों का प्रयोगशाला परीक्षण कर उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ सके. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी डॉ. विवेक कुमार सिंह वर्ष 2019 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के माध्यम से चयनित होकर टीएमबीयू के बॉटनी विभाग में पदस्थापित हुए थे. इससे पहले भी उन्हें दो प्रतिष्ठित अनुसंधान परियोजनाएं मिल चुकी हैं:-
1 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार केले की फसल में पनामा रोग का जैविक नियंत्रण 3 वर्ष, 2 एनटीपीसी लिमिटेड पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण 3 वर्ष एवं 3 एनटीपीसी लिमिटेड जैविक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व खाद निर्माण 2 वर्ष कचरे से संसाधन निर्माण: सतत विकास को मिलेगा बढ़ावा. इस बड़ी उपलब्धि पर बॉटनी विभागाध्यक्ष डॉ. सीता भगत सहित विभाग के प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों ने डॉ. विवेक कुमार सिंह को बधाई दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कचरे से कंचन’ (वेस्ट टू वेल्थ) की अवधारणा पर आधारित यह परियोजना सतत कृषि और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पीजी विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उच्च स्तरीय पर्यावरणीय अनुसंधान, प्रयोगशाला परीक्षण और फील्ड वर्क के व्यावहारिक अवसर प्राप्त होंगे.