धुरिया नदी पर पुल नहीं होने से कंधे के सहारे पार करनी पड़ रही थी नदी, घटना के बाद विधायक के तरीके पर शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पलामू। पलामू में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक नरेश सिंह को नदी पार करने के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। धुरिया नदी पर पुल नहीं होने के कारण विधायक एक व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और विधायक धड़ाम से नदी में गिर पड़े। घटना का वीडियो और इसकी चर्चा सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ने लगा है।
घटना को लेकर विपक्षी नेताओं ने विधायक के इस तरीके पर सवाल उठाए हैं। विपक्षियों का आरोप है कि एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करना सामाजिक समानता और सम्मान के सवाल खड़े करता है। उन्होंने इसे सामंती मानसिकता से जोड़ते हुए आलोचना की है।

वहीं, धुरिया नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। पुल नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पार करने के लिए आज भी उन्हें जोखिम उठाना पड़ता है। विधायक के साथ हुई इस घटना ने क्षेत्र में पुल निर्माण की जरूरत को फिर से उजागर कर दिया है।