सांसद ढुल्लू महतो से रिश्तों पर टिप्पणी से किया परहेज, सड़क निर्माण का समर्थन लेकिन प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो शनिवार को एक मामले के सिलसिले में धनबाद न्यायालय पहुंचे। न्यायालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आम लोगों की आवाज उठाने और उनके हक के लिए संघर्ष करने वालों को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वह लगातार आम जनता के मुद्दों को उठाते हैं और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ते हैं। यही वजह है कि कुछ लोग उनसे परेशान रहते हैं।
धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो के साथ संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम महतो ने फिलहाल कुछ भी कहने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि अभी इस विषय पर टिप्पणी करने का उचित समय नहीं है। उनके घर में फिलहाल वैवाहिक माहौल है। उन्होंने सांसद को समधी बनने पर बधाई भी दी।

वहीं, सांसद के आवास तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर अपने पूर्व के विरोध पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सड़क बनने से कोई आपत्ति नहीं है। इस सड़क का लाभ केवल सांसद और विधायक को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी मिलेगा। हालांकि, उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण के लिए जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।